अमरावती (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर एक चलती लग्जरी बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 32 से ज्यादा यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बस में आग लगने के वक्त यात्री गहरी नींद में थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाए।
बस मोटरसाइकिल से टकराई, फिर लगी भीषण आग
जानकारी के अनुसार, हादसा कुरनूल ज़िले के चिन्ना टेकुरु गांव के पास हुआ। यह बस निजी ट्रैवल्स कंपनी कावेरी ट्रैवल्स की बताई जा रही है। बस एक मोटरसाइकिल से टकराने के बाद अचानक आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
सोते रहे यात्री, नहीं मिला भागने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस एसी और पूरी तरह लॉक थी। यात्री बॉक्सनुमा केबिन में सो रहे थे, जिससे उन्हें निकलने का मौका नहीं मिला। पल भर में बस जलकर राख हो गई। हादसे की भयावहता देखकर स्थानीय लोग और राहत दल भी स्तब्ध रह गए।
12 लोग किसी तरह बच निकले
करीब 12 यात्री किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इनमें से कुछ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और शवों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि अभी नहीं की है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने हादसे की जांच के आदेश भी दिए।
एक हफ्ते पहले राजस्थान में भी हुआ था ऐसा अग्निकांड
यह हादसा राजस्थान के जैसलमेर में हुए बस अग्निकांड के एक हफ्ते बाद हुआ है, जिसमें तीन बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हुई थी। उस घटना में एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट से गैस रिसाव हुआ था।
