पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बढोतरी नहीं, अफवाहों पर ध्‍यान ना दें: संयुक्‍त सचिव सुजाता शर्मा

देश में कच्चे तेल और ईंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरकार ने कहा है कि देश में छब्‍बीस करोड टन कच्‍चे तेल के शोधन की क्षमता है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रम पर आज नई दिल्‍ली में अंतर मंत्रालयी प्रेसवार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव सुजाता शर्मा ने स्‍पष्‍ट किया कि पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बढोतरी नहीं की गई। उन्‍होंने लोगों से अफवाहों पर ध्‍यान न देने की अपील की है।

पीएनजी विस्‍तार के बारे में उन्‍होंने कहा कि सरकार इस पर ध्‍यान दे रही है और कल इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी की गई, इसका उद्देश्‍य सभी राज्‍यों में पीएनजी कनेक्‍शन संबंधी आवेदन शुल्‍क और स्‍वीकृत समय-सीमा को व्‍यवस्थित करना है। उन्‍होंने कहा कि पिछले 25 दिनों में लगभग ढाई लाख नये पीएनजी कनेक्‍शन दिए गए हैं। इसके अलावा करीब दो लाख बीस हजार उपभोक्‍ताओं ने एल पी जी से बदलकर पीएनजी कनेक्‍शन लिये हैं।

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्‍हा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 50 भारतीय नाविकों को स्‍वदेश लाया गया है। उन्‍होंने कहा कि किसी भी भारतीय जहाज या नाविक से जुडी घटना की कोई खबर नहीं है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय ध्‍वज वाले लगभग बीस जहाज फिलहाल खाडी क्षेत्र में सुरक्षित हैं। इनमें 540 भारतीय नाविक सवार हैं। श्री सिन्‍हा ने बताया कि पोत परिवहन महानिदेशालय उनके साथ निरंतर संपर्क में है। उन्‍होंने यह भी बताया कि पोत संचालन सामान्‍य हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड टंप और श्रीलंका के राष्‍ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने तनाव कम करने और जल्‍द से जल्‍द शांति बहाल करने के भारत के आह्वान को दोहराया। उन्‍होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि वैश्विक स्थि‍रता के लिए होर्मुज जल-डमरू-मध्‍य सभी के लिए खुला और सुरक्षित रहे।

श्री जायसवाल ने कहा कि बातचीत में जहाजों के मार्ग को सुरक्षित करने और क्षेत्रीय शांति और ऊर्जा सुरक्षा पर समन्‍वय जारी रखने पर जोर दिया गया। उन्‍होंने बताया कि भारत ईरान सहित संबंधित क्षेत्रीय पक्षों के साथ भी संपर्क में है तथा क्षेत्र से अपने नागरिकों की सुरक्षित स्‍वदेश वापसी सुनिश्चित कर रहा है। उन्‍होंने बताया कि भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्‍ते सुरक्षित लाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *