चुनाव आयोग के चाबुक का असर, 650 करोड़ से ज्यादा की अवैध जब्ती, शीर्ष पर पश्चिम बंगाल

नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग ने सख्ती बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आयोग और प्रवर्तन एजेंसियों ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य सामग्री जब्त की है।

चुनाव आयोग के अनुसार, यह कार्रवाई चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जब्त की गई सामग्री में नकदी, अवैध शराब, नशीले पदार्थ, कीमती धातुएं और मतदाताओं को लुभाने के लिए बांटे जाने वाले फ्रीबीज शामिल हैं। कुल जब्ती का मूल्य लगभग 651.51 करोड़ रुपये बताया गया है।

आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा जब्ती पश्चिम बंगाल में हुई है, जहां करीब 319 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री पकड़ी गई। इसके बाद तमिलनाडु में लगभग 170 करोड़ रुपये, असम में करीब 97 करोड़ रुपये, केरल में 58 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में लगभग 7 करोड़ रुपये की जब्ती हुई है।

जब्त सामग्री में करीब 53 करोड़ रुपये नकद, लगभग 79 करोड़ रुपये की शराब, करीब 230 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ, करीब 58 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं और लगभग 231 करोड़ रुपये के अन्य फ्रीबीज व सामान शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए देशभर में 5,000 से अधिक फ्लाइंग स्क्वॉड और 5,200 से ज्यादा स्टैटिक सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं, जो शिकायत मिलने के 100 मिनट के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश के साथ काम कर रही हैं।

इन राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हो रही है। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल और पश्चिम बंगाल में 23 व 29 अप्रैल को मतदान होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *