असम, केरल और पुद्दुचेरी में आज थम जाएगा प्रचार अभियान

असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। असम की 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान गुरुवार को एक ही चरण में होगा।

कल वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य के हर जिले और क्षेत्र का विकास उनकी पार्टी और एनडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में असम ने शांति और समृद्धि का दौर देखा है।

इस बीच, तमिलनाडु में एक चरण के मतदान और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच आज की जाएगी। दोनों राज्यों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया कल समाप्त हो गई, जबकि उम्मीदवार गुरुवार तक अपने नाम वापस ले सकते हैं।

तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर मतदान इस महीने की 23 तारीख को होगा। पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण का मतदान 29 तारीख को 142 सीटों पर कराया जाएगा। चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के लिए मतगणना अगले महीने की 4 तारीख को होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *