असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.21% वोटिंग:पुडुचेरी में 90% मतदान; केरल में 49 साल में दूसरी रिकॉर्ड वोटिंग

– असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.21% वोटिंग
– पुडुचेरी में 90% मतदान
– केरल में 49 साल में दूसरी रिकॉर्ड वोटिंग

देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ है। असम, केरलम और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग से लोकतंत्र का यह महापर्व अपने निर्णायक चरण में पहुंच गया है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला, लेकिन अब 4 मई को रिजल्ट आएगा।

देश के दो राज्यों असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार (9 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार रात 8 बजे तक असम में 85.35% मतदान हुआ। असम के इतिहास में यह सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा है।

केरलम में पिछले 49 सालों में दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग हुई, यहां 77.97% वोट डाले गए। वहीं पुडुचेरी में 89.78% मतदान हुआ।

असम में चुनाव संबंधी हिंसा में करीब 30 लोग घायल हो गए और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों की इस झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए, दो की हालत गंभीर है।

पुडुचेरी में मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। पुडुचेरी के सीएम CM रंगास्वामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक बाइक से पहुंचे।

केरलम में पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस लीडर एके एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की। इसके बाद पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में वोट डाला।

असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। यहां 140 सीटें हैं। पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए वोटिंग हुई।

असम, केरलम, पुडुचेरी चुनाव से जुड़े अपडेट्स

  • असम के श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस कैंडिडेट ने EVM तोड़ दी। इसके चलते यहां करीब तीन घंटे तक वोटिंग रुकी रही। चुनाव अधिकारियों ने दूसरी EVM रखी तब वोटिंग फिर शुरू हुई।
  • असम के बरपेटा में सुबह से तेज बारिश के कारण वोटिंग में परेशानी आई।
  • केरलम के कन्नूर में वोटिंग खत्म होने के समय शाम 6 बजे के बाद भी कई बूथ पर वोटर्स की लंबी लाइन लगी दिखाई दी।
  • केरलम के सीएम पिनाराई विजयन ने कन्नूर में आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट डाला। केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद सुरेश गोपी ने त्रिशूर में मतदान किया।
  • पुडुचेरी में रोबोट ने पोलिंग बूथ पर आए वोटर्स का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *