नई दिल्ली:
भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने के लिए विश्व समुदाय से प्रयास तेज़ करने की अपील की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दुनिया आतंकवादियों और पाकिस्तान की सरकार तथा सेना के बीच की सांठगांठ से भली-भांति अवगत है।
पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों के हालिया वीडियो पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा कि ऐसी घटनाएँ इस गठजोड़ को और स्पष्ट करती हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि हर राष्ट्र को सीमा पार आतंकवाद सहित हर तरह के आतंकवाद से मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन (SCO) जैसे बहुपक्षीय मंचों से अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से निपटने के लिए निरंतर मज़बूत समर्थन मिलता है।
नेपाल की नई सरकार का स्वागत
जायसवाल ने यह भी कहा कि भारत नेपाल में सुशीला कार्की के नेतृत्व में बनी नई अंतरिम सरकार का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीमती कार्की से बातचीत कर शांति और स्थिरता स्थापित करने के उनके प्रयासों का समर्थन दोहराया।
भारत ने स्पष्ट किया कि निकट पड़ोसी, लोकतांत्रिक राष्ट्र और लंबे समय से विकास साझेदार होने के नाते, वह नेपाल के साथ दोनों देशों की जनता की भलाई और समृद्धि के लिए मिलकर काम करता रहेगा।
