असम के हर जिले का विकास एनडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता: भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर कहा है कि असम के हर जिले और क्षेत्र का विकास उनकी पार्टी और उसके गठबंधन, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आज असम के होजाई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में असम विकास से वंचित रहा और पार्टी ने मुख्य रूप से अपने हितों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में आई तो राज्य का बुनियादी ढांचा और समग्र स्थिति दयनीय थी। भाजपा के शासनकाल में विद्युत क्षेत्र में हुई प्रगति पर प्रकाश डालते हुए श्री मोदी ने कहा कि असम, जो कभी बिजली के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर था, अब विद्युत उत्पादन में आदर्श राज्य के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि बिजली की उपलब्धता औद्योगिक विकास को गति देती है, नए निवेश को आकर्षित करती है और नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देती है, जिसके परिणामस्वरूप युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।

श्री मोदी ने मोरीगांव में आगामी सेमीकंडक्टर संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस इकाई में चिप उत्पादन से इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों तक कई उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि असम में जारी औद्योगिक विस्तार राज्य भर में सतत आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

इससे पहले आज बारपेटा में एक रैली को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्ष असम में शांति और समृद्धि के रहे हैं। उन्होंने इसे एक ऐसा दशक बताया जिसने राज्य को असुविधा और असुरक्षा की चुनौतियों से उबरने में मदद की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष असम की समृद्धि को और बढ़ाएंगे तथा आत्मनिर्भरता की ओर इसकी यात्रा को मजबूत करेंगे।

असम में बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी पर्यटन क्षेत्र पर सकारात्मक प्रभाव डाल रही है, जिससे समग्र अर्थव्यवस्था को लाभ हो रहा है। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विकास के लिए कभी भी दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम नहीं किया, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए अल्पकालिक उपायों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा, असम को विकसित भारत के हिस्से के रूप में विकसित करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दीर्घकालिक रोडमैप पर काम कर रही है। श्री मोदी डिब्रूगढ़ में एक और चुनावी रैली करने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *