जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अनोखा प्रदर्शन, गूंजे इस्तीफे के नारे; ‘हिट’ लेकर पहुंचे युवक को बाहर निकाला

गौरव शुक्ला,  दिल्ली

 देश की राजनीति में इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पार्टी समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई और माहौल उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब एक युवक कॉकरोच मारने वाली ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया।

‘शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो’ के नारों से गूंजा जंतर-मंतर

CJP समर्थक बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” के नारे लगाए और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ भी जुट गई।

‘हिट’ लेकर पहुंचा युवक, समर्थकों ने दिखाया बाहर का रास्ता

प्रदर्शन के दौरान एक युवक कॉकरोच मारने वाली ‘हिट’ स्प्रे लेकर पहुंच गया। जैसे ही लोगों की नजर उसके हाथ में मौजूद स्प्रे पर पड़ी, माहौल में हलचल मच गई। CJP समर्थकों ने इसे प्रदर्शन को भटकाने की कोशिश बताया और युवक को मौके से बाहर कर दिया। यह घटना वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के घर बढ़ाई गई सुरक्षा

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के महाराष्ट्र स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनका घर छत्रपति संभाजी नगर के वलूज इलाके में स्थित है। पुलिस को आशंका है कि हालिया घटनाक्रम के बाद उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट सकती है।

जानकारी के मुताबिक, पहले उनके घर पर केवल एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए एक अधिकारी समेत करीब 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सोशल मीडिया पर भी छाया प्रदर्शन

जंतर-मंतर पर हुए इस अनोखे प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। खासकर ‘हिट’ स्प्रे लेकर पहुंचे युवक की घटना को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे मजाकिया अंदाज में देख रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक विरोध का नया तरीका बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 All rights reserved | Promoted by Digital Marketing Agency in India
Sitemap | RSS Feed