अहमदाबाद, अनीस पटेल
गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है। राज्य के 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के चुनाव की काउंटिंग सुबह 8 बजे से जारी है।
राज्य में कुल 9992 निकाय सीटें हैं। इसमें से 9986 रिजल्ट आ चुके हैं। भाजपा ने अब तक 7491 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस को 1740 और अन्य को 755 सीटें मिली हैं। इस चुनाव में भाजपा का स्ट्राइक रेट 76% है। वहीं, गोधरा के वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय महिला उम्मीदवार अपेक्षाबेन नैनेशभाई सोनी ने जीत हासिल की। इस सीट पर 100% वोटर मुस्लिम हैं।
- अहमदाबाद एलडीएस कॉलेज के काउंटिंग सेंटर के पास पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को थप्पड़ भी मारा।
- पीएम मोदी ने भाजपा की जीत के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
- भेसन सीट पर बीजेपी के पूर्व विधायक भूपतभाई भयानी की हार हुई, आम आदमी पार्टी के दिनेश रूपारेलिया ने 1700 वोटों से हराया।
- जामनगर नगर निगम वार्ड-12 में AAP के असलम खिलजी और कांग्रेस के अल्ताफ खफी जेल में रहते हुए चुनाव जीते। दोनों पर गुजरात अधिनियम के तहत केस दर्ज है।
- असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के 3 उम्मीदवारों को जीत मिली है। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा जडेजा राजकोट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव हार गई हैं।
भाजपा का सभी 15 नगर निगमों पर कब्जा
भाजपा ने राज्य के सभी 15 नगर निगमों में जीत दर्ज की। राजकोट, जामनगर, अहमदाबाद, भावनगर, सूरत और मोरबी में फिर कब्जा किया है। वहीं, 9 नए नगर निगम – आणंद, गांधीधाम, मेहसाणा, मोरबी, नाडियाड, नवसारी, पोरबंदर-छाया, सुरेंद्रनगर-वधवाण और वापी में हुए पहले चुनाव में जीत दर्ज की है।
