भारत को शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में शामिल करने की योजना: खेल मंत्री

नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को कहा कि भारतीय खेलों में अब हर निर्णय का केंद्र बिंदु खिलाड़ी होंगे। उन्होंने देश को आने वाले वर्षों में दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा है।

मांडविया ने बताया कि फिट इंडिया, खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) जैसी योजनाएँ खिलाड़ियों के लिए एक मज़बूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “पहले संघों का ध्यान खिलाड़ियों से ज्यादा विवादों पर रहता था, लेकिन अब खिलाड़ी ही खेलों का केंद्र होंगे। खेल विवादों को हल करने के लिए स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल में तत्काल निपटान की व्यवस्था की गई है, साथ ही महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया गया है।”

राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक

पिछले महीने राष्ट्रपति की मंज़ूरी प्राप्त राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक 2025 के तहत अब सभी खेल संघों (बीसीसीआई सहित) की निगरानी एक राष्ट्रीय खेल बोर्ड करेगा। इसमें महिलाओं की अधिक प्रतिनिधित्व और खिलाड़ियों के हितों की सुरक्षा के प्रावधान शामिल हैं।

मांडविया ने कहा कि सरकार ने 10 और 25 साल का रोडमैप तैयार किया है, जिसका लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ ही शीर्ष 10 खेल देशों में स्थान दिलाना है।

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा ने भी जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया और कहा कि गाँव-गाँव की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, पोषण और सुविधाएँ देकर आगे लाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 All rights reserved | Promoted by Digital Marketing Agency in India
Sitemap | RSS Feed