वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 : 25 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजन

नई दिल्ली, 23 सितम्बर—देश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने और भारत की समृद्ध खाद्य संस्कृति को दुनिया के सामने पेश करने के उद्देश्य से वर्ल्ड फ़ूड इंडिया 2025 का चौथा संस्करण 25 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इस वैश्विक आयोजन का उद्घाटन करेंगे।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ल्ड फ़ूड इंडिया केवल एक व्यापार मेला नहीं, बल्कि भारत को खाद्य नवाचार, निवेश और स्थिरता के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का परिवर्तनकारी मंच है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आयोजन टिकाऊ, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार खाद्य प्रणालियों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगा और देश की “विश्व के खाद्य भंडार” के रूप में स्थिति को और मजबूत करेगा।

मौके पर मंत्री चिराग पासवान ने ‘खाद्य प्रसंस्करण की विभिन्न अवधारणाओं पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न’ शीर्षक से एक प्रकाशन का विमोचन किया। उन्होंने यह भी बताया कि मंत्रालय ने प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों से संबंधित भ्रामक विज्ञापनों पर नियंत्रण के लिए एक समिति गठित की है।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अनुसार, न्यूज़ीलैंड और सऊदी अरब भागीदार देश होंगे, जबकि रूस, संयुक्त अरब अमीरात, जापान और वियतनाम प्रमुख देश के रूप में भाग लेंगे। इस भव्य आयोजन में 1700 से अधिक प्रदर्शक, 500 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय खरीदार और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही 21 से ज़्यादा देशों, 21 भारतीय राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों और 10 केंद्रीय मंत्रालयों की भी भागीदारी होगी।

यह आयोजन भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त करने तथा निवेश को आकर्षित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 All rights reserved | Promoted by Digital Marketing Agency in India
Sitemap | RSS Feed