पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, पीएम मोदी का उद्घाटन दौरा हुआ स्थगित

आमरेंद्र तिवारी

राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रिफाइनरी के उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले तैयारियां अंतिम चरण में थीं। आग के बाद उनका दैौरा स्थगित हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग रिफाइनरी के एक यूनिट में लगी, जिसके बाद मौके पर तुरंत दमकल की कई गाड़ियां भेजी गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया।

राहत की बात यह रही कि शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण आसमान में काले धुएं के गुबार दूर तक दिखाई दिए, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

यह रिफाइनरी देश की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित किया गया है। करीब 79 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट को देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि रिफाइनरी के उद्घाटन के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई थीं, ऐसे में घटना ने प्रशासन की चिंताओं को बढ़ा दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 All rights reserved | Promoted by Digital Marketing Agency in India
Sitemap | RSS Feed